Gurugram- गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर पर जा चढ़ी। बस डिवाइडर के बीच लगे बिजली के खंभे से टकराई और खंभे को तोड़ते हुए वहीं रुक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसा ग्वाल पहाड़ी इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर गुरुग्राम से फरीदाबाद की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार अधिक थी और इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा।
चालक जब तक बस को संभाल पाता, तब तक बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ चुकी थी। इसके बाद बस डिवाइडर के बीच लगे बिजली के खंभे से जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा टूटकर बीच सड़क पर जा गिरा। हालांकि, बस डिवाइडर पर ही फंसकर रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर बस के इमरजेंसी गेट से यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें और खरोंचें आई हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। कुछ घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
इस हादसे का एक बड़ा असर सड़क के ट्रैफिक पर भी पड़ा। बस की टक्कर से बिजली का खंभा टूटकर सड़क के बीच गिर गया, जिसके कारण गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर खंभा पड़ा होने की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले सड़क के बीच गिरे बिजली के खंभे को हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।पुलिस ने हादसे में शामिल बस को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बस चालक ने किस वजह से वाहन पर नियंत्रण खोया। शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही हादसे का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल इस हादसे में सबसे राहत की बात यही रही कि बस डिवाइडर पर ही रुक गई। अगर बस डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच जाती, तो सामने से आ रहे वाहनों के साथ बड़ा टकराव हो सकता था और हादसा कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






