BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/गुरुग्राम में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, ड्रेनेज के बाद तुरंत बनेंगे फुटपाथ
property

गुरुग्राम में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, ड्रेनेज के बाद तुरंत बनेंगे फुटपाथ

SM

Sahil Manchanda

Published on Aug 9, 2026 • 4 min read

गुरुग्राम में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, ड्रेनेज के बाद तुरंत बनेंगे फुटपाथ

Gurugram- सड़क और ड्रेनेज प्रोजेक्ट्स के साथ अब फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों के विकास पर भी जोर दिया जाएगा। ड्रेनेज का काम पूरा होने के तुरंत बाद क्षतिग्रस्त फुटपाथों को बहाल किया जाएगा। साथ ही फुटपाथों पर खुले मैनहोल को सुरक्षित तरीके से कवर करने के निर्देश दिए गए हैं।गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के सीईओ पी.सी. मीणा ने इंजीनियरिंग और हॉर्टिकल्चर विंग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बरसाती पानी की निकासी, सड़क परियोजनाओं, पौधरोपण, ग्रीन बेल्ट और निर्माण एवं विध्वंस मलबे यानी C&D वेस्ट की समस्या पर चर्चा की गई।


ड्रेनेज के बाद तुरंत ठीक होंगे फुटपाथ


शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए चल रहे ड्रेनेज कार्यों से कई जगह फुटपाथ प्रभावित हुए हैं। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनेज का काम पूरा होने के बाद फुटपाथों को लंबे समय तक खुला या क्षतिग्रस्त न छोड़ा जाए। काम पूरा होते ही फुटपाथ को दोबारा लोगों के इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाए।इसके अलावा फुटपाथों पर मौजूद मैनहोल की जांच कर उन्हें सुरक्षित तरीके से ढकने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पैदल चलने वालों को परेशानी न हो।


इफको चौक-SPR कॉरिडोर के काम में तेजी


बैठक में इफको चौक से SPR की ओर प्रस्तावित सिग्नल-फ्री कॉरिडोर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आर्डी सिटी चौक पर प्रस्तावित सिग्नल-फ्री कॉरिडोर की DPR तैयार हो चुकी है और जरूरी सर्वे भी पूरा किया जा चुका है।वहीं, वजीराबाद जंक्शन पर प्रस्तावित ग्रेड सेपरेशन के लिए कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है और सर्वे का काम जारी है। सीईओ ने दोनों परियोजनाओं से जुड़े बाकी तकनीकी और प्रक्रियात्मक कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में बताया गया कि व्यापार केंद्र रोड का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है। वहीं गैलेरिया मार्केट रोड का काम अंतिम चरण में है और इसे अगले करीब 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।सीईओ ने अधिकारियों को सड़क परियोजनाओं की नियमित फील्ड मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।


property

गुरुग्राम में लगाए गए 53 हजार पौधे


शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए चल रहे पौधरोपण अभियान की भी समीक्षा की गई। GMDA के अनुसार, गुरुग्राम में अब तक करीब 53 हजार पौधे और 3 लाख से ज्यादा झाड़ीनुमा पौधे लगाए जा चुके हैं। ग्रीन बेल्ट समेत अन्य चिन्हित स्थानों पर पौधरोपण का काम जारी है।सीईओ ने हॉर्टिकल्चर विंग को पौधरोपण की गति बढ़ाने के साथ लगाए गए पौधों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।


मलबा हटाने के बाद ग्रीन स्पेस में बदली जाएंगी जगहें


ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक जमीन पर C&D वेस्ट की दोबारा डंपिंग रोकने के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। जिन जगहों से निर्माण मलबा हटाया गया है, वहां फेंसिंग की जाएगी, ताकि दोबारा मलबा न डाला जा सके। इसके बाद इन स्थानों को ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा।

सीईओ ने कहा कि सिर्फ मलबा हटाना पर्याप्त नहीं है। सार्वजनिक जमीन को सुरक्षित करने के साथ उसका बेहतर इस्तेमाल भी जरूरी है। खाली जगहों को ग्रीन स्पेस में विकसित करने से शहर की हरियाली बढ़ेगी और दोबारा कचरा डाले जाने की संभावना भी कम होगी।


GMDA सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को विकास परियोजनाओं की नियमित ग्राउंड मॉनिटरिंग और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में विकास का मतलब केवल सड़क और ड्रेनेज बनाना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित फुटपाथ, बेहतर सार्वजनिक स्थान, स्वच्छ वातावरण और विकसित ग्रीन बेल्ट उपलब्ध कराना भी है।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsgmdadevelopmentfootpathdrainagegreenspace
property

More from Social