Gurugram- लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने निजी और कॉरपोरेट संस्थानों से कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि जलभराव वाले इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में अनावश्यक आवाजाही कम होने से जल निकासी, सड़क मरम्मत और बहाली के काम को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन के मुताबिक, 7 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक गुरुग्राम में करीब 60 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक जिले में कुल बारिश का आंकड़ा 92 एमएम बताया गया है। बारिश का आंकड़ा भले ही किसी रिकॉर्ड स्तर पर न पहुंचा हो, लेकिन शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
हालांकि प्रशासन की टीमें लगातार जल निकासी के काम में जुटी हुई हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और जलभराव वाले रास्तों से बचें। प्रशासन का कहना है कि कम ट्रैफिक रहने से राहत और जल निकासी के काम को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
वहीं, जलभराव की शिकायत के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
GMDA: 1800-180-1817 / 0124-2050808
NHAI: 1033 / 9311920617
MCG: 9821395354
DRO: 9289790948
प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।






