Home/Social/महिला सुरक्षा को मिलेगी और मजबूती, पुलिस को मिले 7 अत्याधुनिक वाहन
महिला सुरक्षा को मिलेगी और मजबूती, पुलिस को मिले 7 अत्याधुनिक वाहन
SM
Sahil Manchanda
Published on Aug 12, 2026 • 3 min read
महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम पुलिस को CSR के तहत 7 अत्याधुनिक स्कॉर्पियो वाहन मिले। ये वाहन 24x7 गश्त और पुलिस सहायता में तैनात रहेंगे
Gurugram- महिला सुरक्षा और पुलिस की ऑन-ग्राउंड मौजूदगी को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। DLF Foundation ने Corporate Social Responsibility (CSR) के तहत गुरुग्राम पुलिस को 7 महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन उपलब्ध कराए हैं।बुधवार को पुलिस आयुक्त गुरुग्राम शिवास कविराज, आईपीएस, DLF Foundation की CEO गायत्री पॉल और विनीत कंवर ने पुलिस आयुक्त कार्यालय से इन सातों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
*24x7 महिला सुरक्षा के लिए तैनाती*
इन वाहनों का प्रमुख उद्देश्य गुरुग्राम में महिला सुरक्षा, त्वरित पुलिस सहायता, प्रभावी गश्त और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना है। पुलिस की टीमें इन वाहनों के जरिए महिला सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करेंगी।गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आबादी और लगातार हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए पुलिस की मोबिलिटी, विजिबिलिटी और क्विक रिस्पॉन्स क्षमता को मजबूत करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इन वाहनों को पुलिस के फील्ड ऑपरेशन में शामिल किया गया है
गुरुग्राम पुलिस द्वारा आवश्यकता के अनुसार इन वाहनों को रिहायशी क्षेत्रों, बाजारों और व्यावसायिक केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक परिवहन मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
इससे किसी महिला या आम नागरिक को आपात स्थिति में पुलिस सहायता की जरूरत पड़ने पर पुलिस की मौके तक पहुंच को और तेज किया जा सकेगा।महिला सुरक्षा के अलावा इन वाहनों का इस्तेमाल आपातकालीन परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं, सार्वजनिक सहायता और सामुदायिक पुलिसिंग के दौरान भी किया जाएगा।
पुलिस का मानना है कि इन वाहनों के उपलब्ध होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और दृश्यता बढ़ेगी, जिससे जरूरतमंद नागरिकों तक पुलिस सहायता अधिक तेजी से पहुंच सकेगी।गुरुग्राम पुलिस ने CSR के माध्यम से 7 वाहन उपलब्ध कराने के लिए DLF Foundation का आभार व्यक्त किया है। पुलिस के अनुसार, इस सहयोग से महिला सुरक्षा से जुड़ी पुलिसिंग और आधारभूत संसाधनों को मजबूती मिलेगी।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस की पहुंच, त्वरित प्रतिक्रिया और क्षेत्र में प्रभावी मौजूदगी को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
DLF Foundation का यह सहयोग पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ सुरक्षित और सशक्त गुरुग्राम के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।