Gurugram- गुरुग्राम की सड़कों पर रौब दिखाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक थार गाड़ी को इंपाउंड किया है। इस गाड़ी में एक-दो नहीं, बल्कि कई गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान थार गाड़ी पर काली फिल्म लगी हुई मिली। इसके अलावा गाड़ी पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। जब पुलिस ने वाहन चालक से गाड़ी के जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इतना ही नहीं, इस थार गाड़ी पर बीकन लाइट भी लगी हुई थी। बिना अधिकृत अनुमति के वाहन पर बीकन लाइट का इस्तेमाल करना भी नियमों का उल्लंघन है।
एक ही वाहन में कई अनियमितताएं मिलने के बाद गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए थार को इंपाउंड कर दिया।
पुलिस का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से उसकी पहचान और ट्रैफिक निगरानी में परेशानी होती है। वहीं, निर्धारित मानकों के विपरीत काली फिल्म लगाना और बिना अनुमति बीकन लाइट का इस्तेमाल करना भी यातायात नियमों के खिलाफ है।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर किसी भी वाहन चालक को नियमों से ऊपर नहीं माना जाएगा। चाहे वाहन कितना भी महंगा हो या उस पर किसी तरह की विशेष लाइट लगी हो, सभी को निर्धारित यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट लगाएं, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें, प्रतिबंधित काली फिल्म का इस्तेमाल न करें और बिना अधिकृत अनुमति के बीकन लाइट न लगाएं।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






