Gurugram- गुरुग्राम में जलभराव के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड नंबर-14 में तैनात जूनियर इंजीनियर मनोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।आज शाम को हुई बारिश के दौरान वार्ड-14 में जलभराव की स्थिति बनी थी। जेई मनोज की जिम्मेदारी थी कि वे मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी करें और डी-वाटरिंग के लिए मशीनरी व कर्मचारियों की समय पर तैनाती सुनिश्चित करें।

लेकिन निगमायुक्त प्रदीप दहिया के आदेश के मुताबिक, जलभराव के दौरान जेई का मोबाइल फोन बंद मिला और उनसे कोई प्रतिक्रिया या सहायता नहीं मिल सकी। इसके अलावा, बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने की बात भी सामने आई।निगमायुक्त ने इसे आपात स्थिति में गंभीर लापरवाही मानते हुए हरियाणा सिविल सर्विसेज पनिशमेंट एंड अपील रूल्स, 2016 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।निलंबन अवधि के दौरान जेई मनोज का मुख्यालय नगर परिषद सोहना के कार्यकारी अधिकारी का कार्यालय निर्धारित किया गया है।

निगमायुक्त ने साफ किया है कि आपात परिस्थितियों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।