Gurugram- बुधवार तड़के से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी और कॉर्पोरेट कंपनियों से अपील की है कि वे अपने कर्मचारियों को आज वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा दें, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और यातायात सुचारू बना रहे।पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

वहीं, लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने आज होने वाली सदन की बैठक स्थगित कर दी है। नगर निगम अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी करने और पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते गुरुग्राम के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।