जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:15 बजे दमकल अधिकारी निरीक्षण के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर Kingdom of Dreams की इमारत से उठते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत सेक्टर-29 स्थित फायर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद बिना देरी किए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर दमकलकर्मियों ने देखा कि आग इमारत के अंदर तेजी से फैल रही थी। धुएं और आग की तीव्रता के कारण शुरुआत में अंदर प्रवेश करना चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बाद सुरक्षा उपाय अपनाते हुए दमकलकर्मी इमारत के भीतर पहुंचे और लगातार प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया।गौरतलब है कि Kingdom of Dreams पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने जुलाई 2022 में करोड़ों रुपये के बकाया लीज भुगतान के चलते इस परिसर को सील कर दिया था। तब से यह इमारत खाली पड़ी है।

यह पहली बार नहीं है जब इस प्रतिष्ठित मनोरंजन केंद्र में आग लगी हो। पिछले वर्ष भी यहां भीषण आग लगी थी, जिसमें इमारत का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। अब एक बार फिर आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और बंद पड़ी इमारत के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी।






