Gurgaon- सेक्टर-82 स्थित मैपस्को कासाबेला सोसाइटी में सोमवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सी टावर के ग्राउंड फ्लोर स्थित एक फ्लैट के कमरे की छत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।छत का प्लास्टर सीधे बच्चे की स्टडी टेबल, खिलौनों और कमरे में रखे अन्य सामान पर जा गिरा। परिवार के मुताबिक, बच्चा अक्सर इसी कमरे में पढ़ने और खेलने के लिए आता-जाता है।

फ्लैट में रहने वाले शुभम दुआ और उनकी पत्नी को जब कमरे से तेज आवाज सुनाई दी तो वे तुरंत वहां पहुंचे। कमरे का मंजर देखकर दोनों के होश उड़ गए। हादसे की सूचना सोसाइटी की मेंटीनेंस एजेंसी को दी गई, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

बिल्डर पर लापरवाही के आरोप

आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह ने आरोप लगाया कि मैपस्को कासाबेला सोसाइटी में लंबे समय से कई तरह की समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि बिल्डर को बार-बार इन कमियों से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई।
हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि अगर प्लास्टर का यह हिस्सा उस समय गिरता, जब बच्चा कमरे में मौजूद होता, तो स्थिति कितनी गंभीर हो सकती थी।

आरडब्ल्यूए की ओर से संबंधित विभाग से सोसाइटी का निरीक्षण कराने और निर्माण संबंधी खामियों की जांच कराकर जरूरी कार्रवाई की मांग की गई है।