Gurugram- शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारी देर रात तक मैदान में सक्रिय रहे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त  यश जालुका, वार्ड-04 के पार्षद प्रदीप कुमार पदम, सहायक अभियंता नईम हुसैन, जेई आरिफ खान तथा जीएमडीए कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने शुक्रवार देर रात 12 बजे वार्ड-04 के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। मौके पर उपलब्ध जल निकासी व्यवस्थाओं, पानी की निकासी में आ रही दिक्कतों तथा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जल निकासी की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार मशीनरी एवं अन्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल तत्काल जल निकासी तक सीमित न रहते हुए जलभराव वाले स्थानों की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाए। संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ऐसे स्थानों की पहचान करने और उनकी ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वार्ड-04 में निरीक्षण के दौरान यह संदेश भी स्पष्ट रहा कि मानसून के दौरान टीम एमसीजी दिन-रात नागरिकों की सुविधा के लिए मैदान में सक्रिय है। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने से संबंधित टीमों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने में भी मदद मिली। नगर निगम की ओर से कहा गया कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या का प्रभावी प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए जल निकासी की व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों की मॉनिटरिंग और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय लगातार किया जा रहा है।

वार्ड-04 के पार्षद प्रदीप कुमार पदम ने देर रात मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने और नागरिकों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर निगमायुक्त, अतिरिक्त निगमायुक्त सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।