गुरुग्राम में स्वच्छता व्यवस्था होगी और मजबूत, नगर निगम ने बनाई हाई लेवल कमेटी

स्वच्छता और सीवरेज सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
Gurugram- नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में स्वच्छता एवं सीवरेज सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वच्छता विंग के कार्यों को सुव्यवस्थित करने तथा स्वच्छता सेवाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा आदेश जारी कर समिति को तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त-1 करेंगे। समिति में अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त (मुख्यालय), संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) तथा मुख्य अभियंता एवं मुख्य लेखा अधिकारी को शामिल किया गया है। यह समिति स्वच्छता एवं सीवरेज सेवाओं से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं मानव संसाधन संबंधी पहलुओं का गहन अध्ययन करेगी।
कार्यालय आदेश के अनुसार समिति राज्य सरकार एवं शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सफाई कर्मियों एवं सीवरमैन के अनुपात में स्वच्छता/सीवरेज सुपरवाइजरों की आवश्यकता का आकलन करेगी। स्वच्छता एवं सीवरेज सुपरवाइजर के पदों पर नियुक्ति के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी योग्यता, अनुभव एवं अन्य पात्रता शर्तों का परीक्षण तथा नगर निगम गुरुग्राम में स्वीकृत, भरे हुए एवं रिक्त स्वच्छता/सीवरेज सुपरवाइजर पदों की समीक्षा करते हुए वास्तविक आवश्यकता का मूल्यांकन करेगी।
समिति को संबंधित अभिलेखों, सरकारी नियमों, नीतियों एवं अधिसूचनाओं का परीक्षण कर 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त को प्रस्तुत करनी होगी। रिपोर्ट में तथ्यों के साथ आवश्यक संदर्भ एवं भविष्य के लिए ठोस अनुशंसाएं भी शामिल होंगी, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाया जा सके।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि यह निर्णय शहर में स्वच्छता एवं सीवरेज सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा उपलब्ध मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समिति की सिफारिशों के आधार पर भविष्य में आवश्यक प्रशासनिक एवं नीतिगत निर्णय लिए जा सकेंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
Tags:GurgaongurugramharyanaMCGnagarnigamcleaninesscleaninggarbageclean




