Gurugram- मंगलवार को गुरुग्राम में हुई बारिश के दौरान नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ शहरभर में जलभराव की स्थिति से निपटने में जुटी रहीं। निगम द्वारा पहले से की गई तैयारियों के अनुरूप पर्याप्त संख्या में मैनपावर, पंप, सक्शन टैंकर तथा अन्य आवश्यक मशीनरी को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया, जिसके चलते बारिश के दौरान और उसके तुरंत बाद जलनिकासी का कार्य तेजी से किया गया।
Article image
बारिश शुरू होते ही नगर निगम की फील्ड टीमें शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों में सक्रिय हो गईं और जलनिकासी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया गया। पंपों और सक्शन टैंकरों की सहायता से सड़कों एवं निचले इलाकों से पानी की निकासी लगातार जारी रही, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Article image
इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर जलनिकासी कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि सभी स्थानों पर कार्य प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
Article image
निगमायुक्त प्रदीप दहिया स्वयं लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। उनके साथ अतिरिक्त निगमायुक्तों ने भी विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की तथा फील्ड टीमों का मार्गदर्शन करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी किए जाने से विभिन्न स्थानों पर जलनिकासी कार्यों में तेजी बनी रही।
Article image
नगर निगम की मानसून प्रबंधन सेल भी पूरी तरह सक्रिय रही। सेल के कर्मचारी लगातार फील्ड अधिकारियों एवं टीमों के संपर्क में रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों और मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित की गई। इससे जलभराव की स्थिति वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।