गंदगी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, निगम ने बनाया नया प्लान


बैठक में डॉ. जयवीर यादव ने एसएसएफ टीमों को निर्देश दिए कि प्रत्येक टीम प्रतिदिन कम से कम छह चालान सुनिश्चित करे। ये चालान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

इसके साथ ही एसएसएफ टीमों को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। खास तौर पर एनएच-48 पर इफको चौक से दिल्ली बॉर्डर तक और 9ए रोड पर रात के समय निगरानी बढ़ाने को कहा गया है, ताकि चोरी-छिपे कचरा फेंकने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। निगम का मानना है कि रात्रि निगरानी मजबूत होने से अवैध डंपिंग पर प्रभावी नियंत्रण होगा।

बैठक में एएसआई अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित पीजी परिसरों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए। उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पीजी से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारण हो रहा है। इसके अलावा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि हर क्षेत्र में समय पर कचरा उठान सुनिश्चित हो सके। यदि किसी क्षेत्र में डी2डी सेवा में लापरवाही मिलती है तो संबंधित एजेंसी या कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. जयवीर यादव ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने और वहां दोबारा कचरा जमा न होने देने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ फील्ड में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम के लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।




