गुरुग्राम में थार का तांडव,कैब को बार-बार मारी टक्कर

सेक्टर-89 में थार सवार युवकों का हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया। आरोप है कि थार से कैब को कई बार टक्कर मारी गई। जबकि गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। यहां एक थार सवार युवक ने कैब को बार-बार टक्कर मार दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थार से कैब को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की थार में चार युवक सवार होकर सेक्टर-89 पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद दो युवक थार से अलग होकर अपने घर जाने लगे। उन्होंने रैपिडो से कैब बुक की और सड़क पर खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे।कैब के पहुंचते ही दोनों युवक उसमें बैठ गए। इसी दौरान उनके साथ आए युवक ने अचानक थार दौड़ाई और कैब को टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद उसने थार को पीछे लेकर कई बार कैब में जोरदार टक्कर मारी। कुछ ही देर में कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
उस वक्त कैब के अंदर ड्राइवर के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार सवार युवक नशे की हालत में नजर आ रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलने पर खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैब चालक की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जिस थार से कैब को टक्कर मारी गई, वह दिल्ली नंबर की है। नंबर के आधार पर पुलिस अब वाहन मालिक और घटना में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaTharAccidentPoliceGurgaonpoliceGurugrampolice




