Gurugram- नगर निगम मानेसर ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम की टैक्स विंग ने सेक्टर-80 और सेक्टर-84 में दो बड़े कमर्शियल टावरों को सील कर दिया। इन दोनों संपत्तियों पर कुल 8 करोड़ 39 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया गया है।

नगर निगम की टीम ने सेक्टर-80 स्थित एक्जेक्ट डेवलपर एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड टावर और सेक्टर-84 स्थित ओरिस फ्लोरल टावर पर सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें टैक्स विंग के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की और संपत्ति मालिकों को बकाया टैक्स जमा कराने के निर्देश दिए।

नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बताया कि निगम ने पहले चरण में टॉप 100 प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। इन 100 डिफॉल्टरों पर करीब 229 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। उन्होंने कहा कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ अब सीलिंग समेत अन्य कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स से मिलने वाला राजस्व शहर में सड़क, सीवर, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में संपत्ति मालिकों से समय पर टैक्स जमा करने की अपील की गई है।
नगर निगम ने बकायेदारों को राहत का मौका भी दिया है। हरियाणा सरकार की विशेष राहत योजना के तहत 31 अगस्त तक वित्त वर्ष 2024-25 तक के प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याज पर 75 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। निगम ने बकायेदारों से इस योजना का लाभ उठाकर टैक्स जमा करने और सीलिंग की कार्रवाई से बचने की अपील की है।
नगर निगम के मुताबिक डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर ली गई है और इसी सूची के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। बड़े कमर्शियल परिसरों के अलावा अन्य बकायेदार संपत्तियों को भी चिन्हित किया गया है। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सीलिंग और वसूली की कार्रवाई जारी रहेगी।





