Gurugram- दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।  दिल्ली की ओर जा रही एक हुंडई i10 कार अचानक चलते-चलते आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
Article image


घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैफिक पुलिस राइडर ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मी ने चालक की मदद की, आसपास रुक रहे वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटवाया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
Article image
दमकल की गाड़ी पहुंचने में देरी होने पर पुलिस ने मौके से गुजर रहे एक पानी के टैंकर को रुकवाया और उसकी मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
Article image
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को भी सामान्य कराया, जिससे जाम की स्थिति जल्द खत्म हो गई। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती आशंका है कि भीषण गर्मी, इंजन के ओवरहीट होने या फिर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।