Gurugram- मानसून के दौरान गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने 24×7 विशेष हेल्पलाइन नंबर 9821395354 जारी किया है। अब नागरिक इस नंबर पर कॉल करने के साथ-साथ WhatsApp के जरिए भी जलभराव की सूचना दे सकेंगे।

नगर निगम के अनुसार, हेल्पलाइन पर शिकायत मिलते ही मानसून मैनेजमेंट सेल उसे तुरंत संबंधित क्षेत्र की फील्ड टीम तक पहुंचाएगा। इसके बाद मौके पर टीम भेजकर जलनिकासी और राहत कार्य शुरू किया जाएगा। मानसून मैनेजमेंट सेल सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

नागरिक WhatsApp पर जलभराव वाली जगह की लोकेशन और समस्या की जानकारी भी भेज सकते हैं, जिससे टीम मौके पर तेजी से पहुंच सके। निगम ने अलग-अलग इलाकों में इंजीनियरिंग स्टाफ, फील्ड टीमें और आवश्यक मशीनरी पहले से तैनात कर रखी है।

मानसून मैनेजमेंट सेल केवल शिकायतों पर ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि जलभराव की स्थिति बनने पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

इस बीच नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने मानसून मैनेजमेंट सेल के कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतों की स्थिति का नियमित अपडेट रखा जाए।