Gurugram- दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गुरुग्राम में फायर सेफ्टी को लेकर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान में चौंकाने वाली बात सामने आई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि शहर की बड़ी संख्या में कमर्शियल और रिहायशी इमारतों में आग से बचाव के इंतजाम या तो अधूरे हैं या फिर पूरी तरह से मानकों के अनुरूप नहीं हैं। कई जगहों पर फायर एनओसी नहीं मिली, जबकि जहां एनओसी मौजूद है, वहां भी फायर फाइटिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहे।

दमकल विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट, पीजी, गेस्ट हाउस, बिल्डर सोसायटी और अन्य हाईराइज इमारतों का निरीक्षण शुरू किया है। जांच के दौरान फायर अलार्म, स्प्रिंकलर, हाइड्रेंट और अन्य सुरक्षा उपकरणों में कई कमियां सामने आईं। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तक 300 से अधिक संस्थानों को नोटिस भेजे जा चुके हैं।

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब तक 621 पीजी और 20 गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया गया है। इसके अलावा सैकड़ों हाईराइज इमारतों की जांच में कई खामियां मिलीं, जिसके चलते 158 हाईराइज बिल्डिंगों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं 93 होटल और रेस्टोरेंट की जांच में 33 प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जिलेभर में निरीक्षण अभियान अभी जारी है। जिन संस्थानों में छोटी-मोटी कमियां मिली थीं, उनमें से कई ने नोटिस मिलने के बाद सुधार भी कर लिया है। विभाग का कहना है कि जहां गंभीर लापरवाही मिलेगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।