Gurugram- सेक्टर-86 स्थित सती चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का दुपट्टा अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया, जिसके चलते वह चलती बाइक से सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतका की पहचान रितू रानी के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के खेड़की माजरा गांव की रहने वाली थी।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को रितू रानी अपने पति के इलाज के सिलसिले में फोर्टिस अस्पताल गई थी। अस्पताल से वापस अपने गांव खेड़की माजरा जाने के लिए उसने रैपिडो बाइक बुक की थी।बताया जा रहा है कि बाइक जैसे ही सेक्टर-86 के सती चौक के पास पहुंची, उसी दौरान अचानक रितू रानी का दुपट्टा बाइक के पिछले पहिए में उलझ गया। दुपट्टा पहिए में फंसने के बाद कपड़ा तेजी से खिंचा और महिला चलती बाइक से नीचे सड़क पर गिर गई।

हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को बचाने के लिए उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान रितू रानी ने दम तोड़ दिया।

इसके बाद खेड़की दौला थाना पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में आगामी कानूनी जांच शुरू कर दी है।