Gurugram- मानेसर इलाके में देर रात भीषण आग लग गई। मेडिकल और स्पोर्ट्स इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी लाइफलॉन्ग के वेयरहाउस में लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए पूरी रात दमकल विभाग को मशक्कत करनी पड़ी।

यह घटना केएमपी एक्सप्रेसवे के पास झुंड सराय गांव की है। रात करीब 10:30 बजे फायर विभाग को वेयरहाउस में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में मानेसर से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण पूरे गुरुग्राम जिले से 24 दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा।दमकल कर्मियों ने लगातार करीब आठ घंटे तक रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गाड़ियों में लगभग 150 बार पानी भरा गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग वेयरहाउस की दूसरी मंजिल से शुरू हुई, जहां मेडिकल और खेल उपकरणों के साथ बड़ी मात्रा में रबर, प्लास्टिक, इंजेक्शन और केमिकल रखे हुए थे। ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग तेजी से फैली और पास की दो अन्य कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं।इस हादसे में वेयरहाउस में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं, जिसके बाद आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी।






