Gurugram- सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने बुधवार को तीसरा विशेष अभियान चलाया। जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) अमित मधोलिया के नेतृत्व में विभाग की तीन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए 17 से अधिक संपत्तियों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की।
इससे पहले दोनों कॉलोनियों में चलाए गए दो अभियानों के दौरान करीब 27 संपत्तियों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा चुकी है।
सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में कार्रवाई
डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व वाली टीम ने सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में मकान नंबर बी-703, बी-711, बी-710, बी-708, बी-583ए और बी-583 पर कार्रवाई की।बी-703 में क्योमी सर्विस अपार्टमेंट के नाम से गेस्ट हाउस संचालित किया जा रहा था। स्टिल्ट में बनाए गए स्वागत कक्ष, शौचालय, भोजन कक्ष और रसोई को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा चार मंजिलों पर बने 28 कमरों समेत पूरी इमारत को सील किया गया।
बी-711 में स्वीकृत मंजिलों के अतिरिक्त चौथी मंजिल का निर्माण मिला। यहां अलग-अलग मंजिलों पर हेल्थ सेंटर, जिम, योग सेंटर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित थीं। विभाग ने पूरे भवन को सील कर दिया।बी-710 में बेसमेंट में खेल एवं मनोरंजन केंद्र, स्टिल्ट में गोदाम और ऊपर की मंजिलों पर कार्यालय संचालित पाए गए। पूरी इमारत को सील किया गया।बी-708 में फ्लोरिन स्टायज के नाम से होटल और गेस्ट हाउस संचालित था। यहां 12 कमरों को सील किया गया।
बी-583ए में लाइम ट्री गेस्ट हाउस के बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील किया गया। पीछे खुले हिस्से में बनी ‘कॉफी विद लव’ दुकान के अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त किया गया। वहीं अनधिकृत साइड एंट्री को भी सील किया गया।
बी-583 में एलिस्टे गेस्ट हाउस के बेसमेंट में बने समारोह कक्ष को सील किया गया। पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल के कमरों सहित पूरे भवन को सील कर दिया गया।
साउथ सिटी-1 में भी कार्रवाई
सहायक नगर योजनाकार दिव्या दहिया के नेतृत्व में दूसरी टीम ने साउथ सिटी-1 के बी ब्लॉक में कार्रवाई की।मकान नंबर बी-115 और बी-98ए में स्टिल्ट तल पर किए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त किया गया। बी-98ए में पहली से तीसरी मंजिल तक चल रहे पीजी के 23 कमरों को सील किया गया।बी-88 के पीछे बने अनधिकृत शौचालय को तोड़ा गया। बी-89, बी-73ए और बी-73 में स्टिल्ट तल पर किए गए अनधिकृत निर्माण के खिलाफ भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में सीलिंग
तीसरी टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सहायक नगर योजनाकार नवीन कुमार के नेतृत्व में सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में कार्रवाई की।मकान नंबर ए-408ए में गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे भवन को सील किया गया। ए-654 के तहखाने में संचालित कार्यालय को सील किया गया। ए-300ए में स्टिल्ट पर बने श्रमिक कक्ष को ध्वस्त किया गया।इसके अलावा ए-307ए में स्टिल्ट पर बने कमरों और ए-332ए में बने श्रमिक कक्ष को सील किया गया।
विभाग के अनुसार, बुधवार के अभियान में तीन टीमों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। विभाग ने कहा है कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में स्वीकृत भवन योजना और निर्धारित उपयोग के नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण तथा व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






