Gurugram-  ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसे बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है, जिसके वाहन पर 104 चालान लंबित थे। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 3 लाख 44 हजार रुपये थी। लंबे समय तक जुर्माना जमा नहीं करने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर लिया।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत 17 जुलाई को मेदांता जोन में नियमित वाहन जांच के दौरान एएसआई कृष्ण कुमार और उनकी टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। जब चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका।

इसके बाद पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड जांचा तो पता चला कि मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 104 चालान लंबित हैं। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 3 लाख 44 हजार रुपये है। इनमें सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना पीयूसी और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के पाए गए।

लंबित चालानों और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। पुलिस का कहना है कि लंबे समय तक चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज जैसे बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य कागजात अपडेट रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करना सड़क पर सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।