Gurugram- निवेश के नाम पर करीब 1 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते से कमीशन लेने का आरोप है। गुरुग्राम पुलिस के थाना साइबर अपराध पश्चिम की टीम ने आरोपी सूरज (35), निवासी मालधन आनंद नगर, जिला नैनीताल, उत्तराखंड को 24 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने निवेश के नाम पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध पश्चिम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम में से 18 लाख रुपये एक बैंक खाते में आए थे। इसी खाते से 60 हजार रुपये कमीशन के रूप में आरोपी सूरज के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। आरोपी की भूमिका और साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।