फार्म हाउस पर जबरन कब्जा, तोड़फोड़ और चोरी के मामले में 13 आरोपी गिरफ्तार
SM
Sahil Manchanda
Published on Aug 7, 2026 • 3 min read
पुलिस ने फार्म हाउस पर जबरन कब्जा, तोड़फोड़, मारपीट और चोरी के मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Gurugram- पुलिस ने गांव महेंदरवाड़ा स्थित एक फार्म हाउस पर जबरन कब्जा करने, तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट और चोरी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को शिकायतकर्ता ने भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत दी कि 5 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे करीब 50 से 60 लोग ट्रकों, ट्रैक्टरों और एक कार में सवार होकर गांव महेंदरवाड़ा स्थित उसके फार्म हाउस पर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन फार्म हाउस में घुसकर वहां मौजूद केयरटेकर और उसके परिवार के साथ मारपीट की। उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास भी किया गया।
आरोपियों ने फार्म हाउस का नामपट्ट, कर्मचारियों के रहने का कमरा और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद फार्म हाउस में रखा एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, घास काटने की मशीन और अन्य सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने फार्म हाउस पर जबरन कब्जा भी कर लिया।
शिकायत मिलने के बाद भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची और वहां अवैध कब्जा किए बैठे 13 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फार्म हाउस को आरोपियों के कब्जे से मुक्त भी करा दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मुख्य आरोपी विपिन, जो गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है, है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई और फिर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य वाहनों में सवार होकर फार्म हाउस पहुंचे थे।पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने केयरटेकर और उसके परिवार के साथ मारपीट करने के अलावा उसके पालतू कुत्ते के साथ भी मारपीट की। इसके बाद चोरी किया गया सामान और कुत्ते को ट्रैक्टर में लादकर अपने साथ ले गए। वारदात के बाद सभी आरोपी फार्म हाउस पर ही डटे रहे और अवैध रूप से कब्जा बनाए रखा।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विपिन के देव नगर पार्ट-2 स्थित मकान और कार्यालय पर छापेमारी कर फार्म हाउस से चोरी किया गया सामान बरामद किया। बरामद सामान में 3 पुराने एसी, 1 फ्रिज, 1 वॉशिंग मशीन, 1 घास काटने की मशीन, कैंची सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल 1 कार, 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 जनरेटर भी बरामद किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में राकेश, हर्ष कुमार, प्रशांत, जितेंद्र, प्रदीप कुमार, ऋषिकेश उर्फ ऋषि, सुनील, योगेश, मोहित, संदीप, प्रमोद, बिरेन्द्र और विनित शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़ और उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ करेगी। साथ ही मुख्य आरोपी विपिन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कब्जे की पूरी साजिश कैसे रची गई और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे। चोरी किए गए बाकी सामान की बरामदगी और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए जांच जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsharyanaharyananewspolicecrimegurgaonpolicebhondsitheftcasecrimenews