Gurugram- eSIM के नाम पर 18 लाख 31 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगी करने वाले गिरोह के लिए 5 प्रतिशत कमीशन पर काम करता था और ठगी की रकम से सोना खरीदकर उसे आगे पहुंचाता था।

मामला 25 जून का है। शिकायतकर्ता के पास एक व्यक्ति ने खुद को Airtel कर्मचारी बताकर फोन किया और SIM को eSIM में बदलने के लिए कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया।इसी दौरान उसके HSBC बैंक खाते से 7 अवैध RTGS और NEFT ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 18 लाख 31 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए गए।

शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम साउथ गुरुग्राम की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने 24 वर्षीय जय वर्मा उर्फ बिट्टू को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया। आरोपी दसवीं तक पढ़ा है और पहले ऑटो रिक्शा चलाता था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ठगी की रकम में से 3 लाख 31 हजार रुपये सीधे एक ज्वेलरी शॉप के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। साइबर ठगी करने वालों के कहने पर जय वर्मा ने इस रकम से सोना खरीदा और बाद में उसे दूसरे व्यक्ति को बेच दिया।पुलिस के मुताबिक, जय वर्मा साइबर ठगी करने वाले आरोपियों के लिए 5 प्रतिशत कमीशन पर काम करता था। वह ठगी की रकम से सोना खरीदने के साथ-साथ बैंक खाते उपलब्ध कराने और रकम को ठिकाने लगाने में भी मदद करता था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। अब आरोपी से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सोने की खरीद-बिक्री, ठगी की रकम और गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।