Gurugram- रैपिडो राइडर्स को निशाना बनाकर स्कूटी लूटने वाले दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले रैपिडो ऐप से राइड बुक करते थे और फिर सुनसान जगह पर पहुंचकर चाकू की नोक पर राइडर की स्कूटी लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो स्कूटियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह करीब 3:20 बजे एक रैपिडो राइडर को सेक्टर-43 से बुकिंग मिली। राइडर जैसे ही यात्री को लेकर आगे बढ़ा, कुछ दूरी पर आरोपी ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। इसी दौरान उसका दूसरा साथी भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने मिलकर राइडर को धमकाया और उसकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना सुशांत लोक में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने कार्रवाई करते हुए कन्हई ढाणी इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय सत्यम भट्ट और 19 वर्षीय मोहम्मद फरमान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में भी इसी तरह स्कूटी लूट की एक और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी फूल बेचने का काम करते थे, लेकिन आसान कमाई के लालच में लूटपाट करने लगे। उनका तरीका बेहद शातिर था। वे रैपिडो से राइड बुक करते, राइडर के पहुंचते ही सुनसान जगह ले जाकर चाकू दिखाकर स्कूटी लूट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो स्कूटियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।






