Gurugram- गुरुग्राम के सदर बाजार में सामान को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक ठेले वाले पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने 14 अक्टूबर 2026 को थाना शहर, गुरुग्राम में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 12 अक्टूबर को वह सदर बाजार में अपने ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान वासु नाम का युवक उसके पास सामान खरीदने आया और किसी बात को लेकर बहसबाजी करने लगा।

शिकायत के अनुसार, कहासुनी के दौरान वासु ने पास की एक रेहड़ी से कैंची उठाई और शिकायतकर्ता की गर्दन, छाती व पीठ पर वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना शहर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर 2026 को आरोपी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान वासु (21 वर्ष), निवासी नई बस्ती, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और शिकायतकर्ता आमने-सामने अपने-अपने ठेले लगाते हैं। किसी सामान को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कैंची बरामद की है। फिलहाल मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस की जांच जारी है