सेक्टर-37 की कंपनी में 25 वर्षीय युवती की हत्या, कैंची से गले पर वार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सेक्टर-37 की निजी कंपनी में कहासुनी के दौरान युवती पर कैंची से गले पर वार किया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफतार किया।
Gurugram- गुरुग्राम के सेक्टर-37 में निजी कंपनी के अंदर 25 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने कैंची से युवती के गले पर वार किया था। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। वारदात में इस्तेमाल कैंची भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
दरअसल, 5 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37, गुरुग्राम में एक महिला के साथ झगड़े के दौरान चोट लग गई है और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची जहां मृतिका के संबंध में जरूरी मेडिकल दस्तावेज हासिल किए गए। इसके बाद शव को नियमानुसार गुरुग्राम मोर्चरी भिजवा दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने खून लगे कपड़ों समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को भी अपने कब्जे में लिया।मामले में 6 सितंबर को मृतिका के पिता ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी शिवानी 13 जुलाई 2026 से सेक्टर-37 स्थित इसी निजी कंपनी में काम कर रही थी।
शिकायत के मुताबिक, 5 सितंबर को कंपनी में कर्मचारी असलम मियां के साथ शिवानी का झगड़ा हुआ था। इसी दौरान शिवानी को चोट लगी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय आरोपी असलम मियां को 6 सितंबर को सेक्टर-37, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि असलम मियां और शिवानी दोनों एक ही निजी कंपनी में काम करते थे। 5 सितंबर को शीट कवर कटिंग के काम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।पुलिस के अनुसार, इसी दौरान शिवानी ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए असलम मियां ने कैंची से शिवानी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद शिवानी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कैंची बरामद कर ली है।
आरोपी असलम मियां बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभियोग का अनुसंधान जारी है
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanamurdersector37policecrimegurgaonpolice




