पैसों के विवाद में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार

सेक्टर-14 इलाके में पैसों के विवाद में 32 वर्षीय हेमंत कौशिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया
Gurugram- गुरुग्राम में पैसों के लेन-देन के विवाद में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गुरुग्राम के सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के आचार्य पुरी यानी गंगा विहार का है। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-14 पुलिस को सूचना मिली थी कि आचार्य पुरी निवासी 32 वर्षीय हेमंत कौशिक को गोली मारी गई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने हेमंत कौशिक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, हेमंत कौशिक और अमरजीत ग्रेवाल उर्फ अमरजीत फौजी के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। 8 सितंबर को हेमंत ने अपने दोस्त को बताया था कि अमरजीत पैसे लेने के लिए आने वाला है और जब वह फोन करे तो दोस्त उसके पास पहुंच जाए। कुछ समय बाद हेमंत का फोन आने पर उसका दोस्त भी मौके पर पहुंच गया। शाम करीब 6 बजे जब दोस्त वहां पहुंचा, उस वक्त हेमंत और अमरजीत आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान अमरजीत ने अपनी पिस्टल निकाली और हेमंत के माथे में गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में हेमंत को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-14 पुलिस और अपराध शाखा मानेसर की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन यानी 9 सितंबर 2026 को आरोपी अमरजीत ग्रेवाल उर्फ अमरजीत फौजी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 40 वर्ष है और वह भिवानी जिले के गांव बामला का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में इस वारदात के पीछे पैसों के पुराने लेन-देन की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमरजीत वर्ष 2024 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। अमरजीत और हेमंत की पहचान एक कॉमन दोस्त के माध्यम से हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2021 में हेमंत ने अमरजीत से करीब 6.5 लाख रुपये उधार लिए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 8 सितंबर को दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर बहस हुई और इसी दौरान आरोपी ने अपने लाइसेंसी हथियार से हेमंत पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद आरोपी दिल्ली कैसे पहुंचा और हथियार को कहां छिपाया गया।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaGurugrampolicepolicecrimemurder




