BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/बसई रोड पर 39 वर्षीय महेंद्र की हत्या का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

बसई रोड पर 39 वर्षीय महेंद्र की हत्या का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 11, 20264 min read

बसई रोड पर 39 वर्षीय महेंद्र की हत्या का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
बसई रोड पर 39 वर्षीय महेंद्र की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Gurugram- गुरुग्राम के बसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के पास 39 वर्षीय महेंद्र की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात पुरानी रंजिश और वर्ष 2025 में हुई एक हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने महेंद्र और उसके बेटे दोनों की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि हमलावर केवल महेंद्र की हत्या को ही अंजाम दे सके। वीरवार सुबह थाना सेक्टर-9ए पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि नगर के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने घायल महेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह करीब 9:20 बजे अपने पिता महेंद्र के साथ बाइक पर सदर बाजार जा रहा था। जब वे कृष्णा नगर के नजदीक एन.के. फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर तीन युवक आए। आरोप है कि बाइक सवार युवकों में से एक ने महेंद्र पर गोली चला दी। गोली लगने से महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-9ए में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा की अलग-अलग टीमों ने जांच शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 10 सितंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पर्नव पारासर उर्फ छोटी, उम्र 20 वर्ष और प्रवीण पारासर, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से आगरा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं और वर्तमान में गुरुग्राम की देवीलाल कॉलोनी में रह रहे थे।

इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान देव शर्मा उर्फ केमटी, उम्र 22 वर्ष, अंकित उर्फ बंटी, उम्र 19 वर्ष और उत्सव, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार तीन आरोपियों को गढ़ी हरसरू के पास घेर लिया गया था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान गड्ढे में गिरने से देव शर्मा और अंकित की टांग टूट गई।पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और इसके बाद मामले में आगे की पूछताछ की गई।


पुलिस पूछताछ में इस हत्याकांड की मुख्य वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवीण पारासर का दूसरा बेटा पर्व उर्फ बड़ी वर्ष 2025 में हुई एक हत्या का शिकार हुआ था। उस हत्या के मामले में मृतक महेंद्र का बेटा भी शामिल बताया गया है।इसी रंजिश और अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए प्रवीण पारासर और उसके बेटे पर्नव ने अपने साथियों देव, अंकित और उत्सव के साथ मिलकर महेंद्र और उसके बेटे की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार साजिश के तहत पर्नव और प्रवीण ने अपने साथियों को हथियार और रुपये उपलब्ध करवाए। इसके बाद महेंद्र की हत्या की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि महेंद्र पर गोली देव शर्मा ने चलाई थी।पुलिस के मुताबिक आरोपियों का इरादा महेंद्र के साथ उसके बेटे की भी हत्या करने का था, लेकिन हमलावर केवल महेंद्र की हत्या को ही अंजाम दे सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों, रुपये के लेन-देन, साजिश में शामिल अन्य आरोपियों और उनकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceCrimeMurderMurdercase

More from Crime