Gurugram- गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाई है। थाना सेक्टर-65 की पुलिस टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे 40 व्यक्तियों को काबू किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार निवारक कानूनी कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिण, गुरुग्राम आयुष यादव (IPS) के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण रखने, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पार्कों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए कुल 40 व्यक्तियों को काबू किया गया।पुलिस ने इन सभी व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी BNSS की धारा 172(2) के तहत नियमानुसार निवारक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने, हुड़दंगबाजी करने या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने संबंधित पुलिस टीमों को सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों के साथ-साथ अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।

इसके साथ ही गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखें, सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करने से बचें और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।