Gurugram-गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाया है। जिला प्रशासन के सहयोग से धनकोट इलाके में पांच ठिकानों पर बने अवैध मकान और बोरवेल को ध्वस्त कर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Article image
गुरुग्राम पुलिस भूमि माफियाओं, नशा तस्करों और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर धनकोट नगर और धनकोट नहर के पास सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों की पहचान की गई। इसके बाद जिला प्रशासन के सहयोग से मशीनों की मदद से कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
Article image
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा, दोनों निवासी धनवापुर, गुरुग्राम को चिन्हित किया गया। जांच में सामने आया कि इन दोनों ने अवैध रूप से बोरवेल और मकान का निर्माण कर रखा था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 जुलाई 2026 को इन अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चलाया गया।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सन्नी उर्फ डोगरा के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों पर कुल मिलाकर 25 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Article image
यह पूरी कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुग्राम पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, अवैध कब्जों को हटाने और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे खुफिया आधारित अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने साफ किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।