Gurugram- ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले एक बाइक चालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी मोटरसाइकिल इंपाउंड कर दी। जांच के दौरान पता चला कि इस एक बाइक पर 60 चालान लंबित थे और कुल जुर्माना राशि 2 लाख 93 हजार रुपये तक पहुंच चुकी थी।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को सुपरमार्ट क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एएसआई अमित कुमार और उनकी टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

इसके बाद ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बाइक पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 60 चालान लंबित मिले, जिनकी कुल जुर्माना राशि ₹2.93 लाख थी। इनमें अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना बीमा (Insurance), बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े थे।

इतने अधिक लंबित चालानों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत बाइक को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि शहर में ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो लंबे समय से चालानों का भुगतान नहीं कर रहे हैं। पुलिस लोगों को समय पर चालान जमा करने और सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने के लिए भी जागरूक कर रही है।

पुलिस की अपील है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, वाहन का बीमा और PUC समय पर बनवाएं तथा लंबित चालानों का भुगतान करें। नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि आपकी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।