Gurugram- सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में महिला को अश्लील वीडियो दिखाने और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद महिला द्वारा बनाई गई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह एक टूरिस्ट कंपनी में वाहन चालक के रूप में काम करती है।महिला के अनुसार, 12 अगस्त को वह अपनी गाड़ी को चार्जिंग पर लगा रही थी। इसी दौरान एक अन्य वाहन चालक ने भी अपनी गाड़ी चार्जिंग पर लगा रखी थी। आरोप है कि वह चालक अपनी गाड़ी में बैठकर मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो चला रहा था और मोबाइल की स्क्रीन महिला की ओर कर उसे दिखा रहा था।महिला ने जब इसका विरोध किया और आरोपी के पास पहुंची, तो आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।

घटना के बाद महिला ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। शिकायत के आधार पर DLF सेक्टर-29 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन कमावत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के गांव परसा का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के नाथूपुर, DLF फेज-3 में रह रहा था।फिलहाल मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच अभी जारी है।