Gurugram-गुरुग्राम के मानेसर में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या के बाद नेपाल फरार हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।यह मामला 22 मई 2026 का है, जब मृतका की मां ने मानेसर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी की शादी फरवरी 2026 में मानेसर निवासी अंकित से हुई थी। 21 मई को बेटी के लापता होने की सूचना मिली, लेकिन ससुराल पक्ष कोई जवाब नहीं दे रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 22 मई को मानेसर के एक कमरे से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद केस में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं।अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अंकित और उसकी प्रेमिका रजनी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों का पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। वारदात वाले दिन अंकित अपनी पत्नी को रजनी के किराए के कमरे पर ले गया, जहां दोनों ने मिलकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार आरोपी करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश से लेकर आया था। वारदात के बाद दोनों पहले हरिद्वार पहुंचे और फिर नेपाल भाग गए। 30 जून को भारत लौटने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सबूत जुटाने के लिए पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।






