पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई की रात शुभम अपने दोस्तों राहुल गिल, उमंग बेनीवाल, सनी और राहुल खत्री के साथ कार से चाय पीने के लिए निकले थे। बामडोली रेड लाइट पार करने के बाद जैसे ही उनकी कार द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहुल गिल और उमंग बेनीवाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल खत्री गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।घायल शुभम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।






