Gurugram-गुरुग्राम की बिल्डर सोसाइटियों में निर्माण गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-102 स्थित अडानी ऑयस्टर सोसाइटी में बेसमेंट की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, लेकिन नीचे खड़ी एक कार मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

सोसाइटी के टावर-एच की बी-1 बेसमेंट पार्किंग में आज सुबह अचानक छत से प्लास्टर और कंक्रीट का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा।मलबा सीधे नीचे खड़ी एक कार पर गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के समय पार्किंग में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया। घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

रेजिडेंट्स का कहना है कि प्रीमियम सोसाइटी होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने बिल्डिंग की सुरक्षा का ऑडिट कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन घटना के बाद सोसाइटी प्रबंधन और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।