BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/साइड देने के विवाद में ऑटो चालक की हत्या, टैक्सी चालक गिरफ्तार
Crime

साइड देने के विवाद में ऑटो चालक की हत्या, टैक्सी चालक गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Jul 28, 20263 min read

साइड देने के विवाद में ऑटो चालक की हत्या, टैक्सी चालक गिरफ्तार
उद्योग विहार में साइड देने को लेकर हुए विवाद में एक टैक्सी चालक ने ऑटो चालक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल ऑटो चालक की इलाज के दौरान हुई मौत।
Gurugram- उद्योग विहार इलाके से रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सड़क पर साइड देने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक ऑटो चालक की जान ले ली। आरोप है कि टैक्सी चालक ने गुस्से में लोहे की रॉड से ऑटो चालक के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड व कार भी बरामद कर ली है।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को थाना उद्योग विहार क्षेत्र के पीपल चौक के पास ऑटो चालक और टैक्सी चालक के बीच सड़क पर साइड लेने को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया जा चुका था।

28 जुलाई को अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि इलाज के दौरान घायल ऑटो चालक अरविंद की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां मृतक के भाई ने शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में बताया गया कि 32 वर्षीय अरविंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के तौली गांव का रहने वाला था और वर्तमान में गुरुग्राम के झाड़सा इलाके में रहकर ऑटो रिक्शा चलाता था।

27 जुलाई की रात उसे सूचना मिली थी कि पीपल चौक के पास उसके भाई का किसी वाहन चालक से झगड़ा हो गया है। जब वह अस्पताल पहुंचा तो अरविंद होश में था। उसने बताया कि सड़क पर साइड देने को लेकर एक कार चालक से विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

मृतक के भाई की शिकायत पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय दलीप के रूप में हुई है, जो पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित मोहन गार्डन के विजय नगर का निवासी है और टैक्सी चलाने का काम करता है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि 27 जुलाई की रात करीब 8 बजे सड़क पर साइड लेने को लेकर उसका ऑटो चालक अरविंद से विवाद हो गया था। कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उसने लोहे की रॉड से अरविंद के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच की जा रही है।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewspolicemurdercrimegurgaonpolice

More from Crime