बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा, बैंक अधिकारी से 2.78 लाख रुपये की साइबर ठगी

बेहतर नौकरी का झांसा देकर साइबर ठगों ने गुरुग्राम के एक बैंक अधिकारी से 2.78 लाख रुपये की ठगी कर ली।मामले में साइबर मानेसर पुलिस ने किया मामला दर्ज।
Gurugram- बेहतर नौकरी का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने इस बार एक बैंक अधिकारी को ही अपना शिकार बना लिया। बड़ी बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे और उनकी पत्नी से कुल 2.78 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत मिलने पर साइबर अपराध थाना मानेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-77 स्थित एमार पाम हिल्स निवासी अमित अस्थाना जना स्मॉल फाइनेंस बैंक में कार्यरत हैं। उन्होंने बेहतर अवसर की तलाश में अपना बायोडाटा एक जॉब पोर्टल पर अपलोड किया था। 8 जुलाई को उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कंसलटेंट बताते हुए बड़ी बैंक में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने भर्ती प्रक्रिया और बायोडाटा अपडेट करने का हवाला देकर फर्जी ईमेल के माध्यम से बैंक खातों की जानकारी भेजी और विभिन्न शुल्क जमा कराने के लिए कहा। 21 से 25 जुलाई के बीच अमित अस्थाना और उनकी पत्नी के खातों से 2 लाख 78 हजार रुपये सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक के खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
रकम जमा कराने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। उल्टा आरोपी ने और पैसे की मांग शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर अपराध थाना मानेसर में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी ऑफर की पहले पूरी तरह से जांच-पड़ताल जरूर करें।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewsharyanacybercrimecrimepolicecyberpolicefraudcyberfraudgurugrampolicemanesar




