Home/Crime/गुरुग्राम में फिर बम धमकी! DC ऑफिस, जिला अदालत और स्कूलों को उड़ाने की धमकी
गुरुग्राम में फिर बम धमकी! DC ऑफिस, जिला अदालत और स्कूलों को उड़ाने की धमकी
SM
Sahil Manchanda
Published on Jul 31, 2026 • 2 min read
गुरुग्राम में धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया। DC कार्यालय, जिला अदालत और कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी।
Gurugram- गुरुग्राम में एक बार फिर बम धमकी का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें गुरुग्राम के जिला अदालत परिसर, डीसी कार्यालय और कई नामचीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, ईमेल में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन के बाद दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की गई है। धमकी दी गई है कि यदि एफआईआर वापस नहीं ली गई तो बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी जांच की जा रही है।
धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने जिला अदालत, डीसी कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब गुरुग्राम में इस तरह का धमकी भरा ईमेल मिला हो। इससे पहले भी वर्ष 2026 में कई बार डीसी कार्यालय, स्कूलों, रेलवे स्टेशन, रेलवे लाइन, नगर निगम कार्यालय, मेयर कार्यालय समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों और अधिकारियों को निशाना बनाते हुए इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे जा चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल किसने और कहां से भेजा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।