Gurugram- दिवाली से पहले गुरुग्राम में अवैध पटाखों के कारोबार पर सीएम फ्लाइंग ने बड़ी कार्रवाई की है। बादशाहपुर इलाके में टीम ने छापेमारी कर 586 किलो पटाखे बरामद किए हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अपने घर के बाहर प्लॉट में बनी दुकान से ही पटाखों की अवैध बिक्री कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, गुरुग्राम में अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार शाम टीम को सूचना मिली कि बादशाहपुर इलाके की आरआर कॉलोनी में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, एएसआई धर्मबीर और बादशाहपुर थाना पुलिस की महिला मुख्य सिपाही सीमा की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। टीम जब आरआर कॉलोनी पहुंची तो यहां अशोक नामक व्यक्ति के प्लॉट में बने दुकाननुमा कमरे नंबर-20 में किरायेदार राजकुमार पटाखे बेचता हुआ मिला।
जांच के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से कुल 586 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। इनमें 10 प्रकार के पटाखे, बम, रॉकेट और स्काई शॉट शामिल थे। पुलिस टीम ने सभी पटाखों को अलग-अलग गत्ते की पेटियों और प्लास्टिक के कट्टों में रखकर नियमानुसार सील कर दिया। इस मामले में बादशाहपुर थाना पुलिस ने महिला मुख्य सिपाही सीमा की शिकायत पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और 125 के साथ इंडियन एक्सप्लोसिव एक्ट की धारा 98 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी पटाखे कहां से लाया था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।





