Gurugram- सेक्टर-42 स्थित कैमेलियास अपार्टमेंट में महिला नौकरानी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला दूसरी महिला को जबरन रोककर उसके साथ मारपीट करती हुई नजर आ रही थी। वीडियो सामने आने के बाद सुशांत लोक थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वायरल वीडियो 24 जुलाई 2026 का है और घटना कैमेलियास अपार्टमेंट में ही हुई थी। मामले में सुशांत लोक थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 अगस्त को आरोपी महिला को जांच में शामिल किया। आरोपी की पहचान कैमेलियास अपार्टमेंट निवासी 52 वर्षीय रुचिरा सचदेवा के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट का शिकार हुई महिला आरोपी की नौकरानी थी, जिसने 27 जुलाई को काम छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि काम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी महिला ने नौकरानी के साथ मारपीट की। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और जांच अभी जारी है।






