Gurugram- ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने हाई-टेक पहल शुरू की है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर के सोहना चौक पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों के लंबित ई-चालान की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी। फिलहाल इस सिस्टम का ट्रायल किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत जैसे ही कोई वाहन स्क्रीन से जुड़े ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे की जद में आएगा, उसकी नंबर प्लेट स्कैन हो जाएगी। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम गुरुग्राम पुलिस के डेटाबेस से जानकारी लेकर स्क्रीन पर बताएगा कि वाहन पर कितने ई-चालान लंबित हैं और कितनी जुर्माना राशि बकाया है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सार्वजनिक रूप से जानकारी प्रदर्शित होने से लोग ट्रैफिक नियमों का अधिक जिम्मेदारी के साथ पालन करेंगे और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।यदि सोहना चौक पर शुरू किया गया यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर भी ऐसी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, लेन ड्राइविंग, रेड लाइट और अन्य सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। अब नियमों की अनदेखी सिर्फ जेब पर ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक रूप से भी भारी पड़ सकती है।






