Gurugram- हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली दवाइयों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह ब्लड प्रेशर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली प्रसिद्ध दवा टेल्मीसार्टन AH की नकली खेप हरियाणा और दिल्ली के बाजारों में सप्लाई कर रहा था।
Article image
दरअसल एफडीए अधिकारियों को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में ब्लड प्रेशर की नकली दवाइयों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान टीम ने सप्लाई चेन की पड़ताल की, जिसमें कई अहम तथ्य सामने आए।
Article image
जांच में पता चला कि 'श्री बालाजी फोरम' नाम से संचालित एक होलसेल ड्रग एजेंसी के माध्यम से गुरुग्राम में नकली दवाइयों की सप्लाई की गई थी। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित एजेंसी के पास दवाइयों के व्यापार के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस भी नहीं था।
Article image
शुरुवाती पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली दवाइयों का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में किया जाता था। इसके बाद इन्हें लखनऊ के रास्ते हरियाणा और दिल्ली समेत विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। अब एफडीए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री की पहचान में जुटा है।
Article image
अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई नकली दवा ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल की जाती है। ऐसी दवा का सेवन करने से मरीज का ब्लड प्रेशर अनियंत्रित हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बढ़ जाता है।