BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/फर्जी दिल्ली पुलिस के अधिकारी बनकर फ्लैट में रेड, 25 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह गिरफ्तार
Crime

फर्जी दिल्ली पुलिस के अधिकारी बनकर फ्लैट में रेड, 25 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Jul 31, 20263 min read

फर्जी दिल्ली पुलिस के अधिकारी बनकर फ्लैट में रेड, 25 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरोह गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की फर्जी स्पेशल टीम बनकर फ्लैट में रेड डालने और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम बनकर फ्लैट में फर्जी रेड डालने, लोगों को बंधक बनाकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी ऋषि अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29/30 जुलाई की रात खेड़की दौला थाना पुलिस को सेक्टर-86 स्थित अंसल हाइट्स सोसायटी में झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शिकायतकर्ता ने तीन पुरुषों और एक महिला को पुलिस के हवाले करते हुए बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ फ्लैट में गेट-टुगेदर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान एक महिला अपने पांच अन्य साथियों के साथ फ्लैट में जबरन घुस गई। सभी ने खुद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम का अधिकारी बताते हुए फ्लैट में रेड की बात कही।

आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और अवैध गतिविधियों में फंसाने व मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद गिरोह का सदस्य ऋषि शिकायतकर्ता के साथी सागर को अपनी कार में रुपये लेने के बहाने साथ ले गया, जबकि बाकी आरोपी फ्लैट में मौजूद लोगों को बंधक बनाए रखकर धमकाते रहे।

रास्ते में सागर को आरोपियों पर शक हुआ तो उसने अपने साथियों को अपनी लाइव लोकेशन भेज दी। लोकेशन मिलने के बाद उसके साथी मौके पर पहुंचे और चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी ऋषि स्विफ्ट कार में फरार हो गया। इसके बाद पकड़े गए आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

खेड़की दौला थाना पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान सतविन्द्र (46) निवासी विजय नगर, रोहतक, टीनू (42) निवासी शिव विहार, रोहतक, नवीन (40) निवासी गांव गढ़ी खेड़ी, रोहतक तथा स्नेहा उर्फ सना (21) निवासी आर्य नगर, रोहतक के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि फरार आरोपी ऋषि ने उन्हें शिकायतकर्ता के बारे में जानकारी दी थी कि वह संपन्न परिवार से है और दोस्तों के साथ अक्सर पार्टी करता है। इसके बाद सभी ने मिलकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम बनकर फ्लैट पर रेड डालने, लोगों को डराकर मोटी रकम वसूलने की योजना बनाई। योजना के तहत महिला आरोपी ने फ्लैट की घंटी बजाई और दरवाजा खुलते ही सभी आरोपी अंदर घुस गए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान पत्र बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये फर्जी आईडी उन्हें फरार आरोपी ऋषि ने उपलब्ध कराई थीं।आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां महिला आरोपी स्नेहा उर्फ सना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि सतविन्द्र, टीनू और नवीन को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

गुरुग्राम पुलिस अब फरार आरोपी ऋषि, फर्जी पहचान पत्र तैयार करने वालों और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Tags:Gurgaongurugramgurugramnewspolicegurgaonpolicegurugrampolicedelhipolicecrimepoliceaction

More from Crime