गुरुग्राम में फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, बिना मेडिकल डिग्री चला रहा था क्लीनिक और करा रहा था अवैध गर्भपात

गुरुग्राम पुलिस ने बिना वैध मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चलाकर अवैध गर्भपात कराने के आरोप में एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है।
Gurugram- पुलिस ने फर्जी डॉक्टर बनकर बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चलाने और अवैध रूप से गर्भपात कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एमटीपी (MTP) किट, भारी मात्रा में दवाइयां और मेडिकल उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मामला थाना सेक्टर-65 क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को नोडल अधिकारी PCPNDT, गुरुग्राम ने शिकायत दी कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कमल महतो नाम का व्यक्ति "कमल क्लीनिक" के नाम से बिना किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चला रहा है और वहां अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं का गर्भपात किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के लिए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर क्लीनिक भेजा। जांच के दौरान आरोपी ने गर्भपात करने के लिए ₹1,200 लिए और महिला को MTP (Unwanted) किट देकर उसका इस्तेमाल करने का तरीका भी बताया।जैसे ही डिकॉय महिला ने तय संकेत दिया, टीम ने क्लीनिक पर छापा मारकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसके पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान की मेडिकल डिग्री नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि उसका क्लीनिक MTP Act के तहत पंजीकृत नहीं था। आरोपी किसी भी मरीज का रिकॉर्ड, दवाइयों की खरीद-बिक्री या वितरण से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल महतो (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दुर्गापुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गुरुग्राम के गांव घाटा स्थित बंजारा मार्केट में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से MTP किट, बड़ी मात्रा में दवाइयां और विभिन्न मेडिकल उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस अवैध गतिविधि में शामिल था और अब तक कितनी महिलाओं का अवैध गर्भपात कर चुका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Tags:Gurgaongurugramharyanafakedoctorillegalclinicillegalabortionmtpkitmedicalfraud




