Gurugram- गुरुग्राम में अब श्मशान घाट पर किसी अनजान व्यक्ति की मौजूदगी पर सवाल उठाना भी भारी पड़ रहा है। गांव गढ़ी बाजिदपुर में एक परिवार ने अपनी भाभी के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान घाट पर कुछ अनजान युवकों को देखा और उनकी मौजूदगी का विरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले श्मशान घाट पर मारपीट की गई और फिर मामला इतना बढ़ गया कि युवक अपने साथियों के साथ परिवार के घर पहुंच गए। यहां आरोपियों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के शीशों पर गोलियों के निशान मिलने से परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं, इस वारदात ने भोंडसी थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
गांव गढ़ी बाजिदपुर में मंगलवार को हुई इस घटना की शुरुआत श्मशान घाट से हुई, जहां परिवार अपनी भाभी का अंतिम संस्कार करने पहुंचा था। इसी दौरान वहां कुछ अनजान युवक दिखाई दिए। परिवार की ओर से उनकी मौजूदगी का विरोध किए जाने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात कहासुनी से आगे बढ़ी और श्मशान घाट पर ही मारपीट होने की बात सामने आई।
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ समय बाद वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ परिवार के घर पहुंच गए और वहां फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस दौरान दो गोलियां घर की खिड़की या दरवाजे के शीशों पर लगीं। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद भोंडसी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके।
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी की पहचान हो चुकी है, जो गांव गढ़ी बाजिदपुर का ही रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, वारदात में कितने लोग शामिल थे, कितने राउंड फायरिंग हुई और विवाद के पीछे की पूरी वजह क्या थी, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
भोंडसी थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना पहली बार नही है इससे पहले पिछले करीब एक महीने के दौरान भोंडसी थाना क्षेत्र में गोली चलने की यह दूसरी वारदात बताई जा रही है। इससे पहले सोहना एलिवेटेड रोड पर नाकाबंदी के दौरान एसटीएफ की टीम पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। उस मामले में एसटीएफ की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने कथित तौर पर एसटीएफ की गाड़ी को टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया था।
अब एसटीएफ पर फायरिंग का मामला पूरी तरह सुलझने से पहले ही इसी थाना क्षेत्र में एक और फायरिंग की घटना सामने आने से पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों पर लगाम लगाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल गढ़ी बाजिदपुर में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच जारी है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन अंतिम संस्कार के दौरान शुरू हुआ विवाद घर तक पहुंचने और गोलियां चलने तक पहुंच गया। वहीं, भोंडसी थाना प्रभारी ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है और श्मशान घाट पर शुरू हुए इस विवाद के पीछे की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है।






