Gurugram- हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के साले और लंबे समय से फरार चल रहे गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। भारत पहुंचते ही एयरपोर्ट पर STF की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।जांच एजेंसियों के अनुसार गौरव गाड़ौली वर्ष 2023 में भारत छोड़कर जॉर्जिया फरार हो गया था। आरोप है कि वह विदेश में बैठकर कौशल चौधरी के आपराधिक सिंडिकेट को संचालित कर रहा था। उस पर गैंग की गतिविधियों को अंजाम देने, रंगदारी वसूलने, पंजाबी गायकों को धमकाने और फायरिंग जैसी वारदातों की साजिश रचने के आरोप हैं।

दरअसल गौरव गाड़ौली के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, जबरन वसूली, फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस और STF की वांछित सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।गौरव गाड़ौली, गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी मनीषा चौधरी का भाई है। वह विदेश में रहकर अपने बहनोई के आपराधिक नेटवर्क को मजबूत करने और गैंग की गतिविधियों का संचालन करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद STF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने गौरव गाड़ौली से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान विदेश में छिपे अन्य गैंगस्टरों, गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और हाल के आपराधिक मामलों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। बहरहाल इस कार्रवाई को हरियाणा STF की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है