BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर, आरोपी कल्याण बैंसला और लवनिश गिरफ्तार

गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर, आरोपी कल्याण बैंसला और लवनिश गिरफ्तार

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 15, 20263 min read

गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर, आरोपी कल्याण बैंसला और लवनिश गिरफ्तार
गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में पुलिस ने कल्याण बैंसला और लवनिश को गिरफ्तार किया है। CCTV के आधार पर हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है।
Gurugram- गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय कल्याण बैंसला, निवासी चांदहट, पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। वहीं, वारदात के समय कार में मौजूद उसके साथी 34 वर्षीय लवनिश, निवासी न्यू कॉलोनी, पलवल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

दरअसल, 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का वीडियो सामने आया था। महिला बाइक राइडर ने 14 सितंबर की सुबह यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था। वीडियो गुरुग्राम पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली।इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार चालक ने मामले को लेकर मीडिया को इंटरव्यू भी दिया था। इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।मामले की गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने अभियोग में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109 BNS भी जोड़ी। वहीं, अनुसंधान के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज किए गए, जिसके आधार पर धारा 78 और 79 BNS की भी वृद्धि की गई।


इसके बाद अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 सितंबर को राजस्थान में दौसा और राजगढ़ के बीच से आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के बाद उसने पेशाब करने के बहाने पुलिस से भागने की कोशिश की। इस दौरान गिरने से उसे कुछ चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक, यह कार आरोपी के दोस्त के नाम पर है।इस मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। वारदात के समय कल्याण बैंसला के साथ कार में मौजूद 34 वर्षीय लवनिश, निवासी न्यू कॉलोनी, पलवल को भी नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewshitandrunaccidentpolicecrime

More from Crime