सोहना में नशीली दवाइयों पर पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

सोहना में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री और रखने के मामले में 23 वर्षीय आमिर को गिरफ्तार किया है।
Gurugram-सोहना में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना शहर सोहना पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयां बेचने और रखने के मामले में एक 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 कफ सिरप की बोतलें और 520 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं।दरअसल, 12 सितंबर 2026 को थाना शहर सोहना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आमिर नाम का एक व्यक्ति अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करता है और उसने बिक्री के लिए नशीली दवाइयां एक मकान में छिपाकर रखी हुई हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार सर्च वारंट प्राप्त किया और औषधि नियंत्रक अधिकारी की मौजूदगी में कबीर नगर, सोहना स्थित एक मकान पर छापेमारी की।पुलिस के मुताबिक, रेड के दौरान आरोपी आमिर छत के रास्ते एक प्लास्टिक का कट्टा खेत में फेंककर मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सोहना से काबू कर लिया।पुलिस ने जब खेत में फेंके गए कट्टे की तलाशी ली तो उसमें से 41 बोतल Onerex कफ सिरप, 8 बोतल Wenrex कफ सिरप और Alprawin की 520 गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट और गोलियों में अल्प्राजोलम पाया गया है, जिन्हें एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित मादक पदार्थों की श्रेणी में रखा गया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय आमिर, निवासी कबीर नगर, सोहना, गुरुग्राम के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर सोहना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ये नशीली दवाइयां दिल्ली और जयपुर से लेकर आया था और इन्हें मुनाफा कमाने के लिए ऊंचे दामों पर बेचता था।फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ के लिए उसे अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इन प्रतिबंधित दवाइयों को किन लोगों से खरीदता था और इन्हें आगे किन लोगों को सप्लाई करता था।फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceDrugIllegalmedicineFakemedicinedrugpedlerNDPSACT




